Jharkhand

जमशेदपुर: होटल का ताला काट हजारों की चोरी, थाना से महज 100 मीटर दूरी पर चोरी से सनसनी

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर में चोरों का मनोबल अब इतना बढ़ गया है कि चोर थाना के पास भी चोरी की घटना को अंजाम दे रहे है. इससे पुलिस की गश्ती और कार्यशैली दोनों पर सवाल उठ रहे है. शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत है. शुक्रवार देर रात परसुडीह थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक होटल में चोरी हुई. होटल का ताला काट चोर भीतर घुसे और नकदी समेत अन्य सामानों पर हाथ साफ किया. सुबह होटल संचालक होटल खोलने पहुंचे तो होटल का ताला टूटा मिला. भीतर सारे सामान बिखरे पड़े थे. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे चोरों का पता लगा रही है. होटल संचालक ने इस संबंध में परसुडीह थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. संचालक ने होटल से 1300 रुपए नकद समेत हजारों का सामान चोरी होने का दावा किया है.

होटल संचालक ने बताया कि रात में वे अपना होटल बंद कर घर चले गए थे. होटल के गल्ले में नकद रुपए रख हुए थे. चोरों ने कोल्ड्रिंक, पानी बोतल समेत अन्य सामान गायब कर दिया. चोरी की इस घटना से आसपास के दुकानदारों में भी दहशत है. दुकानदारों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है. जानकारी हो कि शहर में अपराधिक घटनाएं लगातार हो रही है. चोरी की घटनाएं भी बढ़ गई है. रात के अंधेरे में चोर बंद घर और दुकानों को निशाना बना रहे है. मानगो में हाल ही के दिनों में 12 दुकानों का ताला चोरों ने एक साथ काटा था. अब थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर एक होटल में चोरी की घटना चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे है.