Jharkhand

फिर चापड़बाजी से दहला जमशेदपुर, डेली कलेक्शन कर लौट रहे युवक पर हमला कर लूटे रुपये

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):जमशेदपुर पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद यहां चापड़बाजी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है ताजा मामला जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है. जहां रविवार देर रात एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना टाउन हॉल के समीप हुई, जहां डेली कलेक्शन का कार्य कर घर लौट रहे बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी पर चार युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए.स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पढ़िये घायल युवक ने क्या कहा

घायल अभिषेक गिरी ने बताया कि वह रोज की तरह मानगो क्षेत्र से डेली कलेक्शन का कार्य पूरा कर अपने घर लौट रहे थे.रास्ते में टाउन हॉल के पास वह कुछ देर के लिए रुके और अपने एक मित्र से मोबाइल फोन पर बातचीत करने लगे.इसी दौरान वहां अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू नामक युवक पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उन पर चापड़ से हमला कर दिया.

आरोपियों ने उन पर कई वार किए

अभिषेक के अनुसार, आरोपियों ने उन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन उठाकर पास की झाड़ियों की ओर ले जाने लगे. घायल युवक ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों की हलचल देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उसके पास मौजूद डेली कलेक्शन के करीब 10 हजार रुपये भी लेकर फरार हो गए.घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया.

आस-पास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

मामले की जानकारी मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश, लूट या पूर्व विवाद से जुड़ा हो सकता है. हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा