Jharkhand

जमशेदपुर:राहुल बच्चा की हत्या का 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के मामले का पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है.वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मुख्य वजह थी.मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.गिरफ्तार आरोपियों में सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय शामिल है.

ईंट, पत्थर और लकड़ी के लट्ठे से हमला कर हुई थी हत्या

एसएसपी ने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल बच्चा पर ईंट, पत्थर और लकड़ी के लट्ठे से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी. मृतक के भाई राजा कुमार के बयान पर मानगो थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था.मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी की निगरानी में एएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित छापेमारी के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

मुख्य आरोपी शब्बे ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी शब्बे ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसने पुलिस को बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार उसने जवाहरनगर फॉरेस्ट लाइन क्षेत्र में छिपाकर रखा है. पुलिस जब उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तभी शब्बे ने छिपाकर रखे लोडेड देसी पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में शब्बे के पैर में गोली लगी.

घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है इलाज

घायल आरोपी का इलाज फिलहाल एमजीएम अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है.पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, खून से सने कपड़े, ईंट, पत्थर, लकड़ी का टुकड़ा, चप्पल, खून लगे रुपये तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है.एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी शब्बे, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है.वहीं, मृतक राहुल बच्चा का भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है.फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा