Jharkhand

जमशेदपुर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में बकरी चोरों को घेरा, घाटशिला में दबोचा

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बकरी चोरी कर भाग रहे बदमाशों को जमशेदपुर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में खदेड़ कर पकड़ा है. तीन थानों की पुलिस ने रविवार की शाम यह कार्रवाई की. पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया, घाटशिला और धालभूमगढ़ थाना की पुलिस ने घाटशिला के तामुकपाल स्थित हाइवे पर बकरी चोरी कर भाग रहे कार सवार बदमाशों को घेर लिया. दो भागने में सफल रहे, जबकि एक आरोपी मो निशाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके साथ ही कार संख्या जेएच05डीपी 3586 को जब्त कर लिया गया. कार से चोरी की 6 बकरियां बरामद हुई. आरोपी को पुलिस चाकुलिया थाना लेकर पहुंची जहां उससे पूछताछ की जा रही है. फरार दो बदमाशों का पता पुलिस लगा रही है. 
बदमाशों ने बकरियां चाकुलिया थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती से चुराई थी. बकरियों को कार में लादकर भागने लगे. बस्ती के लोगों ने यह देख किया और इसकी सूचना पुलिस को दी है. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें घाटशिला में घेर लिया. बस्ती के लोगों ने भी पुलिस के साथ आरोपियों का पीछा किया. गिरफ्तार आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है. फरार उसके 2 साथी भी कपाली के ही रहने वाले हैं. 

भागने के क्रम में एक कार को टक्कर मारी
मुस्लिम बस्ती से बकरी चोरी कर भागने के क्रम में बदमाशों ने बस्ती के एक युवक मोहम्मद निहाल की कार में टक्कर मार दी. नेहाल ने भी कार सवार बदमाशों का पीछा शुरू किया. सूचना पाकर चाकुलिया पुलिस ने पहले धालभूमगढ़ और फिर घाटशिला पुलिस को अलर्ट किया. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस ने बताया कि बकरी चोरी कर कपाली ले जा रहे थे. पहले भी ऐसी कई घटनाओं को वे अंजाम दे चुके हैं. जानकारी हो कि पूर्वी सिंहभूम जिला समेत आसपास के जिलों में बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ी है. कार से बदमाश गांवों में घुस रहे है और बकरियों को चोरी कर रहे है. इसी क्रम में हाल ही में 2 युवक लोगों की भीड़ का शिकार भी हुए है. चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोड़िशा में 22 फरवरी 2025 को लोगों ने 2 युवकों की पीट - पीट कर हत्या कर दी थी. किशुन बेहरा और भोलानाथ महतो भीड़ का शिकार हुए थे.