जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों की बड़ी मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. क्षेत्र के विभिन्न जंगलों और आबादी से सटे इलाकों में 50 से अधिक हाथी घूम रहे हैं. हाथियों की संख्या अचानक बढ़ने से ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है और लोग सतर्कता के साथ दिन-रात निगरानी कर रहे हैं. दिघी के मोहनडूंगरी जंगल में 15 हाथियों का दल डेरा जमाए हुए है. वहीं, काजू बागान क्षेत्र में 6 हाथी देखे गए हैं. सबसे बड़ा झुंड मोरबेड़ा जंगल में मौजूद है, जहां करीब 20 हाथी विचरण कर रहे हैं. इसके अलावा चाकुलिया गौशाला परिसर में 4 हाथी जमे हुए है. चाकुलिया एयरपोर्ट क्षेत्र में भी 4 हाथियों का दल देखा गया है. वही, शानघाटी गांव में एक अकेला हाथी घूम रहा है. हाथियों की लगातार गतिविधियों को देखते हुए आसपास के गांवों के लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं. खेतों और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बढ़ गई है. ग्रामीण वन विभाग से लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे है. वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से जंगल या हाथियों के नजदीक नहीं जाने की अपील कर रही है.
बंगाल और घाटशिला क्षेत्र से घुसे हाथी
वन विभाग के अनुसार हाथियों का दल पश्चिम बंगाल और घाटशिला के इलाके में चाकुलिया वन क्षेत्र में घुसा है. एक - दो दिनों के भीतर हाथियों का यह दल चाकुलिया क्षेत्र में घुसा है. हाथियों के कारण चाकुलिया के कई सड़कों पर आवागमन बाधित हो रहा है. दिन में ही हाथियों के दल को जंगल से निकल सड़कों पर विचरण करते देखा जा रहा है. चाकुलिया केरूकोचा, चाकुलिया - मानुसमुड़िया, जमुआ - चाकुलिया हवाई पट्टी समेत अन्य सड़कों पर हाथी विचरण करते देखे जा रहे है. हाथियों के कारण लोग सड़कों पर चलने में भी कतरा रहे है. हाल ही में हाथियों ने सड़क पर एक किसान की घेर लिया था. इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हुआ था.
आम की फसल को पहुंचा रहे नुकसान
चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का बढ़ता मूवमेंट अब किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. हाथियों का झुंड सबसे अधिक नुकसान आम की फसल को पहुंचा रहा है. आमों की तलाश में हाथी लगातार बागानों में घुस रहे हैं और फलों को खाने के साथ-साथ पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार हाथी केवल आम खाकर ही नहीं जा रहे, बल्कि बड़े-बड़े पेड़ों की डालियां और तने भी तोड़ रहे हैं. इससे आने वाले वर्षों की फसल पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है. सबसे अधिक नुकसान चाकुलिया गौशाला में देखने मिला है. यहां हाथियों ने आम के बगीचों में घुसकर लगभग पूरी फसल बर्बाद कर दी है. पेड़ों से फल गिर गए हैं और कई पेड़ भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं.
वन विभाग कर रहा निगरानी
हाथियों के लगातार मूवमेंट को लेकर वन विभाग भी अलर्ट है. वन विभाग की अलग- अलग टीम हाथियों की निगरानी कर रही है. हमार हाथी 2.0 एप के जरिए विभाग हाथियों का लगातार लोकेशन ट्रेस कर रहा है. वहीं, ग्रामीण विभाग से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर रहे हैं. हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीण मशाल, पटाखे आदि उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं. हाथियों के कारण कई गांव के ग्रामीण रात जाग रहे है.
