जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है.इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है.सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 18 जुलाई की शाम करीब छह बजे टिनप्लेट सब्जी मार्केट में अपराधियों ने एक व्यापारी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी. विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी.
दो कट्टा और कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई.पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गिरोह के एक अन्य सदस्य रोमी सिंह उर्फ सरदार के पास भी हथियार होने की जानकारी दी.इसके बाद पुलिस ने रोमी सिंह को भी गिरफ्तार कर उसके पास से एक और देशी कट्टा तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए.इस बरामदगी के आधार पर गोलमुरी थाना में एक अलग मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में गोलमुरी, बिष्टुपुर और टेल्को थानों में करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज है. वहीं मनदीप सिंह के खिलाफ भी हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों में चार आपराधिक कांड दर्ज है.गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार, 24 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय रंगदारी गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई हुई है.
रिपोर्ट-रंजीत ओझा
