जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर स्थित डिमना डैम के पास डेंजर जोन तालाब में डूबकर दो जूनियर डॉक्टरों की मौत मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया. एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टर सक्षम सिंह और समीर लाल के पिता ने इस घटना को एक साजिश बताया है. दोनों की हत्या करने का आरोप दोनों डॉक्टरों के पिता ने लगाया है. इस संबंध में बोड़ाम थाना में लिखित आवेदन देकर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. दोनों के परिवार ने मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच करने की मांग की है. पलामू के तरहसी निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह ( सक्षम सिंह के पिता) ने शनिवार को मामले की लेकर बोड़ाम थाना में लिखित आवेदन दिया. इस दौरान समीर लाल के पिता अजय लाल समेत दोनों के कई परिजन भी मौके पर मौजूद थे. दोनों के अपने पुत्रों की हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने कहा कि डॉ यश बार - बार अपना बयान बदल रहा है. उसने कहा था कि सक्षम का मोबाइल गिरने के कारण यह हादसा हुआ. लेकिन जब सक्षम का बॉडी निकला गया तो मोबाइल उसके पॉकेट में ही था. इसलिए हत्या का संदेह है. वहीं, पुलिस की पूछताछ में वह बार बार अपना बयान बदल रहा है. परिजनों ने आरोप लगाया कि यश के पूर्व में समीर और सक्षम से विवाद हो चुका है. शायद इसी कारण दोनों की हत्या की साजिश रची गई. हत्या की आशंका पर पुलिस ने अब मामले की जांच तेज कर दी है. डॉ यश से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है.
क्या है मामला
शुक्रवार की अहले सुबह डिमना डैम के पास बने तालाब में 2 जूनियर डॉक्टरों सक्षम और समीर की मौत हो गई थी. दोनों एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टर डॉ यश के साथ डिमना डैम पार्टी करने गए थे. इसी दौरान सक्षम और समीर तालाब में डूब गए थे. जबकि यश इसमें बच निकला था. 6 घंटे की मशक्कत के बाद सक्षम और समीर के शव को बाहर निकाला गया था. रात करीब 3 बजे तीनों डिमना डैम पहुंचे थे. यश का कहना था कि सक्षम का मोबाइल तालाब में गिर गया था. मोबाइल के लिए तालाब में कूदने के दौरान दोनों डूब गए. अब सक्षम और समीर के परिवार वालों की हत्या की आशंका ने जांच को नया मोड़ दिया है. पुलिस डॉ यश में लगातार पूछताछ कर रही है.
