जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. पिछले कुछ दिनों से शहर में मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की जा रही थी. जबकि सोमवार सुबह से शहर में लगातार बारिश हो रही है. बारिश के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वही लगातार बारिश के कारण जमशेदपुर के निचले इलाकों में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. खरकई नदी फिर से खतरे के निशान के पार चली गई है. जबकि स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान के करीब है. ऐसे में जुगसलाई, बागबेड़ा, कदमा और मानगो के निचले इलाके में रहने वाले लोग एक बार फिर बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं. इधर, प्रशासन ने निचले इलाके में रहने वाले लोगों के बीच माइकिंग कर अलर्ट जारी किया है.
चांडिल डैम के सभी फाटक खुले
लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर बढ़ गया है. जिसके कारण चांडिल डैम के सारे फाटक खोल दिए गए हैं. डैम के 13 रेडियल गेट समेत कुल 17 फाटक खोले गए हैं. सोमवार सुबह 8 बजे डैम से कुल 744.57 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया. वहीं, ओड़िशा के ब्यंगबिल डैम का फाटक भी खोला गया है. इसके कारण शहर से गुजरने वाली दोनों नदियां उफान पर है और निचले इलाके में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. खरकई नदी खतरा के निशान से 0.3 मीटर ऊपर बह रही है. चांडिल डैम का वर्तमान जलस्तर 179.19 मीटर दर्ज किया गया है.
तीन दिनों तक लगातार बारिश की संभावना
शहर समेत पूरे कोल्हान में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.बंगाल की खाड़ी, उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर लो-प्रेशर सिस्टम काफी सक्रिय है. इसके कारण झारखंड में लगातार बारिश हो रही है. कोल्हान सबसे ज्यादा प्रभावित है. कोल्हान के तीनों जिलों में लगातार बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है.
