जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): शहर के गोलमुरी बाजार में लगातार हो रही चोरी और कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी डकैती के विरोध में शनिवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा. गोलमुरी बाजार समिति के आह्वान पर बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और कारोबारियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया. व्यापारियों का कहना है कि व्यस्त बाजार में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे दुकानदारों और कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. हाल ही में गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में दिनदहाड़े अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. बताया गया कि अपराधी बैंक से करीब 23 किलो 800 ग्राम सोना और लगभग 43 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे. बरामदगी और नुकसान से जुड़े अंतिम आंकड़ों की जांच जारी है.
व्यापारियों का आक्रोश बैंक डकैती के कुछ घंटे बाद हुई एक और चोरी की घटना से और बढ़ गया. उसी रात गोलमुरी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि बदमाश वेंटिलेटर काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए. बाजार में पहले भी चोरी की कई घटनाएं सामने आने की बात व्यापारी कह रहे हैं. उनका कहना है कि एक ओर दिनदहाड़े बैंक जैसी जगह पर बड़ी वारदात हो रही है, वहीं दूसरी ओर बाजार की दुकानों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं. इन घटनाओं के बाद कारोबारियों ने बाजार की सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए हैं.
बाजार बंद के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गोलमुरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. कारोबारियों ने संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी. व्यापारियों का कहना है कि वे भयमुक्त और सुरक्षित माहौल में अपना कारोबार करना चाहते हैं. बाजार समिति के आह्वान पर हुए बंद के दौरान दुकानदारों के बीच बैंक डकैती और अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चा होती रही. व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्रमुख मांग है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा
