जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): एनजीटी के आदेश पर जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी किनारे से लगातार अतिक्रमण हटाया जा रहा है. मानगो इलाके में शनिवार को लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाया गया. शनिवार को नदी किनारे अवैध रूप से बनाए गए 13 मकानों को जेसीबी की मदद से हटाया गया. कई लोगों ने घर के सामान पहले की हटा लिया था. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की भरी तैनाती की गई थी. प्रशासन ने नदी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर लोगों को पहले ही नोटिस दिया था.
मानगो अंचल के स्तर से कुल 16 मकानों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था. निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का काम किया. शुक्रवार को प्रशासन ने नदी किनारे बने 3 मकानों को ध्वस्त किया था. शनिवार को 13 मकान तोड़े गए. इस दौरान घरवालों को आँखें नम रही. लोग अधिकारियों से घर ना तोड़ने की अपील करते रहे, लेकन जेसीबी से मकान तोड़ दिए गए. इस के दौरान कुछ देर के लिए स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लेकिन अधिकारियों ने लोगों को एक ना सुनी.
मानगो के सीओ बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि स्वर्णरेखा नदी के किनारे अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया गया था. नोटिस देने के बाद भी निर्माण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नदी किनारे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. एनजीटी के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है. वार्ड नंबर 10 में चिह्नित 13 मकानों पर शनिवार को कार्रवाई की गई.
जानकारी हो कि मानगो में 16 मकानों को हटाने के बाद जमशेदपुर अंचल के भुइयांडीह में 145 मकानों पर कार्रवाई की जाएगी. यहां भी 145 मकानों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है. भुइयांडीह में भी स्वर्णरेखा नदी किनारे अवैध रूप से बनाए गए मकानों को हटाने के लिए एनजीटी ने आदेश दिया है. इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
