Jharkhand

जमशेदपुर बन रहा गांजा का हब! 24 घंटे में 90 किलो के साथ 8 गिरफ्तार

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर गांजा तस्करी का हब बनते जा रहा है. ओड़िशा से तस्कर गांजा शहर ला रहे है और शहर के अलग-अलग हिस्सों में बेच रहे है. इसके अलावा जमशेदपुर से गांजा बिहार और उत्तर प्रदेश भी भेजा का रहा है. जमशेदपुर और रेल पुलिस की हालिया कार्रवाई में इसका खुलासा हुआ है. गांजा तस्करी के लिए तस्कर ट्रेन, बस और विभिन्न वाहनों का सहारा ले रहे हैं. पिछले 24 घंटे में जमशेदपुर से 90 किलो गांजा बरामद किया गया है. गांजा के साथ 8 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. बरामद गांजा की कीमत 45 लाख रुपए आंका गया है. रेल पुलिस ने 30 और सिदगोड़ा पुलिस ने 60 किलो गांजा बरामद किया है. जांच में खुलासा हुआ है कि गांजा ओड़िशा से शहर लाया गया था. 

रेलवे स्टेशन से बिहार के 2 तस्कर पकड़े गए
टाटानगर रेलवे स्टेशन से रेल पुलिस ने बिहार के 2 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 30 किलो गांजा बरामद किया गया है. इसकी कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है. गिरफ्तार तस्करों में बिहार के कैमूर जिला निवासी शिव मुनि चौरसिया और वैशाली जिला निवासी भूपेश कुमार शामिल है. दोनों समलेश्वरी एक्सप्रेस से गांजा लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. उन्हें गांजा लेकर बिहार जाना था. लेकिन इससे पहले ही रेल पुलिस की नजर उनपर पड़ गई और दोनों को पकड़ लिया गया. जानकारी हो कि इससे पहले भी रेल पुलिस ने विभिन्न ट्रेन और रेलवे स्टेशन से कई गांजा तस्करों को पकड़ा है. लगातार कार्रवाई के बाद भी तस्करी रुक नहीं रही है.

सिदगोड़ा पुलिस ने 6 तस्करों को पकड़ा
 इधर, सिदगोड़ा पुलिस ने 60 किलो गांजा के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक के पास से पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार किया. गांजा को शहर के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी. बरामद गांजा की कीमत 30 लाख रुपए आंकी गई है. जांच में सामने आया है कि तस्कर गांजा ओड़िशा से लेकर शहर पहुंचे थे. लिट्टी चौक के पास चेकिंग के दौरान सभी गांजा के साथ पकड़े गए. पकड़े गए आरोपियों से पुलिस मुख्य सप्लायर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. तस्करों के पास से वाहन भी बरामद किया गया है. 

ओड़िशा से हो रही गांजा की आपूर्ति
शहर में गांजा की आपूर्ति ओड़िशा राज्य से हो रही है. ओडिशा के अनुगुल, गंजाम, मलकान गिरी और कोरापुट से गांजा जमशेदपुर और इसके आसपास के इलाकों में पहुंचाया का रहा है. चोरी छिपे तस्कर रोज गांजा शहर पहुंचा रहे है. ओड़िशा के विभिन्न क्षेत्र से गांजा लाकर जमशेदपुर में डंप किया जा रहा है और इसके बाद गांजा बिहार, यूपी के अलावा पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा है. ट्रेन और बस गांजा तस्करी का सबसे प्रमुख श्रोत बन गया है. सबसे बड़ा सवाल है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी गांजा की तस्करी नहीं रुक रही है