Jharkhand

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में हाथी ने ली बुजुर्ग की जान, नाती बाल-बाल बचा

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (Jamshedpur): पूर्वी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का उत्पात थम नहीं रहा है. सोमवार सुबह हाथियों ने एक बुजुर्ग की जान ले ली. घटना जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र स्थित कलियाम गांव की है. बुजुर्ग अनिल महतो (60) अपने घर के पास ही ब्रश कर रहे थे. उनका नाती (7) भी मौके पर मौजूद था. इसी दौरान एक हाथी ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया. उनका नाती इसमें बाल बाल बचा. हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. स्थित गंभीर होने पर उन्हें पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत है. ग्रामीणों ने कहा कि 20 हाथियों का एक दल गांव से गुजर रहा था. कुछ देर बाद सभी जंगल में चले गए. इसी बीच एक हाथी वापस आया और बुजुर्ग पर हमला कर दिया.

कई घर भी तोड़े

बुजुर्ग की जान लेने का अलावा हाथियों ने गांव में कई घर भी तोड़ है. इसके अलावा एक ट्राली को भी तोड़ डाला है. हाथियों के कारण ग्रामीण दहशत के साये में जी रहे है. ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग हाथियों ने उन्हें सुरक्षा नहीं दे पा रहा है. यहां हाथियों का खौफ इतना है कि लोग डर से अपनी घरों से नहीं निकल रहे है. हाथी घरों को ध्वस्त कर रहे हैं तो खेतों को भी काफी नुकसान पहुंचा रहे है. भोजन की तलाश में हाथी घरों पर हमला कर रहे है. 

25 हाथियों ने डाला है डेरा
चाकुलिया वन क्षेत्र के कलियाम पंचायत में 25 हाथियों ने डेरा डाल रखा है. हाथियों ने राजाबासा जंगल में शरण लिया है. हाथियों के कारण कलियाम पंचायत के कलियाम, हाथीबाड़ी, जामबनी, भूरसानी, गोदाराशोल, सुनसुनिया, सालबनी आदि गांव के ग्रामीण दहशत में है. हाथी रोज किसी ना किसी गांव में उत्पात मचा रहे है. हाथियों के कारण शाम ढलते की लोग अपने घरों में दुबक जा रहे है. कलियाम पंचायत के अलावा चाकुलिया वन क्षेत्र के कई गांवों में हाथियों का कहर है. वन क्षेत्र में अलग-अलग जगह 100 से अधिक हाथी विचरण कर रहे है.