जमशेदपुर(JAMSHEDPUR) : सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा की शुरुआत बारिडीह स्थित हरि मंदिर मैदान से हुई. इसमें पांच हजार से अधिक महिला और पुरुष शिवभक्त शामिल हुए. पूरे रास्ते श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे.
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए
कलश यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए. उन्होंने शिवभक्तों के साथ पैदल चलते हुए जल लेकर करीब पांच किलोमीटर की यात्रा पूरी की. इस दौरान पूरा इलाका 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से गूंजता रहा. कलश यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी भी निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही. बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं. भक्तिमय माहौल के बीच सभी श्रद्धालु करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर पहुंचे.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की
सूर्य मंदिर परिसर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने शिवालय में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर रघुवर दास ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन की तीसरी सोमवारी पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई है. हजारों शिवभक्त इसमें शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं. उन्होंने भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना की. साथ ही कहा कि सावन के पवित्र महीने में भगवान भोलेनाथ सभी के घरों में सुख, शांति और समृद्धि लाएं. उन्होंने झारखंड के विकास और राज्यवासियों की खुशहाली की भी कामना की.
रिपोर्ट – रंजीत कुमार ओझा
