Jharkhand

जमशेदपुर: साकची बाजार में फल व्यापारी और कर्मचारी के बीच भिड़त, आरोपी मोहम्मद फहीम गिरफ्तार

Rashmi Prasad CE
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):  जमशेदपुर शहर के साकची बाजार में दिनदहाड़े मारपीट की घटना सामने आई है जहां मानगो शंकोसाईं निवासी मोहम्मद फहीम ने फल व्यापारी सत्यनारायण केसरी की फल गद्दी पर पहुंचकर वहां काम कर रहे कर्मचारी माधव चातर के साथ जमकर मारपीट की. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कर्मचारी की पिटाई करता दिखाई दे रहा है. घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की. इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

जानकारी के अनुसार, घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी जनजाति समाज से आता है और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है. घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन बताया जा रहा है कि आरोपी सीधे फल गद्दी पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में कर्मचारी को चोटें आई हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. स्थानीय व्यापारियों ने भी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

घटना की जानकारी फल व्यापारी सत्यनारायण केसरी ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी. इसके बाद विकास सिंह ने मामले को जिला प्रशासन और पुलिस के संज्ञान में लाया. सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में खंगाला जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा