जमशेदपुर: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जियाडा सर्विस लेन में बुधवार की रात फास्ट फूड ठेले पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. रात करीब 12:30 बजे कुछ युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक और युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, मृतक की पहचान शेखर के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के मानगो का रहने वाला था.
कैसे हुई घटना
बुधवार देर रात जियाडा सर्विस लेन के एक फास्ट फूड ठेले पर कुछ युवक मौजूद थे, इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर युवकों के बीच मारपीट होने लगी, घटना में कई युवकों के घायल होने की सूचना है. हालांकि, घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
मारपीट के बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने शेखर को मृत घोषित कर दिया. वहीं, एक और युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस की टीम
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी, घायलों की स्थिति तथा घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस अस्पताल भी पहुंची.
SDPO अनुभव भारद्वाज ने बताया कि आपसी विवाद के कारण मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है और एक और युवक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, घटना में शामिल युवकों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा