Jharkhand

जमशेदपुर: बहरागोड़ा में बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हादसे मे दो युवकों की मौत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बहरागोड़ा में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग छीन लिए. मानुषमुड़िया पंचायत के जामजुरकी नदी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. दोनों अपने-अपने माता-पिता के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं. घटना के बाद भादुआ गांव में मातम पसरा है. मृतकों की पहचान सांड्रा पंचायत के भादुआ गांव निवासी 19 वर्षीय पवित्र महतो और 20 वर्षीय हीरो महतो के रूप में हुई है. पवित्र कृष्णपद महतो का इकलौता बेटा था, जबकि हीरो निमाई महतो का इकलौता बेटा बताया गया है.

टक्कर के बाद मौके से भाग निकला वाहन चालक

पवित्र और हीरो रविवार सुबह बाइक से मानुषमुड़िया से अपने घर भादुआ लौट रहे थे. इसी दौरान जामजुरकी नदी के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से दूर जाकर गिरे. हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटनास्थल गांव से बाहर होने के कारण वहां लोगों की आवाजाही कम रहती है. इसी वजह से हादसे की जानकारी ग्रामीणों को देर से मिली.

बताया जा रहा है कि इसी का फायदा उठाकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. दोनों घायलों को इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई.

घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक ही गांव के दो नौजवानों की मौत से स्थानीय लोग भी सदमे में हैं.

मुखिया राम मुर्मू ने घटना की सूचना बरसोल पुलिस को दी. इसके बाद थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है.

रिपोर्ट : अरुण बारीक