जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के कदमा थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने 9 वर्षीय बच्ची से अश्लील हरकत करने के आरोप में एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है. पीड़ित बच्ची के परिजनों की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कदमा थाना पुलिस ने मामले में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 'लाल' के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है. इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों में भारी आक्रोश का माहौल है.
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी ऑटो चालक लाल पिछले काफी समय से उनकी 9 वर्षीय बच्ची को रोजाना घर से स्कूल ले जाने और छुट्टी के बाद वापस घर पहुंचाने का काम करता था. आरोप के मुताबिक, 17 अगस्त को स्कूल की छुट्टी के बाद जब चालक बच्ची को वापस घर ला रहा था, तब उसने बच्ची को ऑटो की पिछली सीट पर बैठाने के बजाय जबरन अपनी बगल वाली फ्रंट सीट पर बैठा लिया. रास्ते में उसने मासूम के साथ अश्लील हरकतें की. घर पहुंचने पर जब बच्ची की मां ने उसे ऑटो में आगे बैठा देखा, तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने बच्ची से इस संबंध में पूछताछ की.
इस घटना के बाद मां के पूछने पर बच्ची ने हिम्मत जुटाई और रास्ते में ऑटो चालक द्वारा की गई पूरी आपबीती अपनी मां को बता दी. घटना का खुलासा होते ही आक्रोशित परिजन बिना किसी देरी के सीधे कदमा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत पुलिस टीम गठित की और आरोपी चालक लाल को उसके ठिकाने से धर दबोचा. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि आरोपी पर सख्त कार्रवाई कि जा सके.
