Jharkhand

जमशेदपुर के डीडी क्लब में हाई-वोल्टेज ड्रामा, छेड़खानी के विरोध में जमकर हुई मारपीट, चले चाकू

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में शनिवार की देर रात छेड़खानी का विरोध करने पर 2 गुटों में जमकर मारपीट हुई. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डबल डाउन (डीडी) क्लब में यह मारपीट की घटना हुई. इस दौरान चाकुबाजी भी हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है.मारपीट में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, उसे भी टीएमएच में भर्ती कराया गया है. क्लब के भीतर मारपीट के बाद क्लब के बाहर भी दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने घटना स्थल से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, क्लब के लोगों से भी पुलिस ने घटना को लेकर पूछताछ की. घायल युवकों में आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह शामिल है.

जानकारी के अनुसार देर रात डीडी क्लब में 2 गुट पार्टी कर रहे थे. एक गुट के साथ कुछ युवतियां भी थी. डांस फ्लोर पर नाचने के दौरान एक गुट के युवकों ने युवतियों से छेड़खानी कर दी. युवकों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में पहले बहस शुरू हुई, फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई. मामला ज्यादा बढ़ा तो क्लब के बाउंसरों ने दोनों गुटों को क्लब के बाहर निकाल दिया. क्लब के बाहर भी दोनों गुट आपस में भीड़ गए. इसी दौरान चाकुबाजी हुई. घटना को लेकर अफरा तफरी मची रही. पुलिस के पहुंचने तक कई युवक मौके से भाग निकले. एक युवक को पुलिस में हिरासत में लिया है. बिष्टुपुर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.