जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): दीपावली, कालीपूजा एवं छठ पर्व के मौके पर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर ली है. इसी कड़ी में विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में दीपावली के अवसर पर पटाखा दुकानों के लाइसेंस, अग्निशमन व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच, कालीपूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन, विधि-व्यवस्था तथा छठ महापर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई, जलस्तर का चिह्नांकन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई.
बिना लाइसेंस नहीं बिकेंगे पटाखे
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटाखा दुकानों को नियमों के अनुसार ही लाइसेंस दिया जाए. दुकानों में अग्निशमन उपकरण, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था और दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी होनी चाहिए. बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया है. आम बगान समेत पटाखों की बिक्री वाले प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे.
मिठाई दुकानों में होगी जांच, मिलावट पर कार्रवाई
त्योहारों में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों और मिठाई दुकानों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मिलावट की जांच करने को कहा गया है.
कालीपूजा विसर्जन के दौरान रहेगी निगरानी
प्रतिमा विसर्जन के लिए तय घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान निर्धारित रास्तों का ही इस्तेमाल करना होगा. साथ ही यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.
छठ घाटों पर गोताखोर और पुलिस बल रहेंगे तैनात
छठ महापर्व को लेकर सभी प्रमुख घाटों की सफाई, रास्तों की मरम्मत, पेयजल, शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. नदी और तालाबों में पानी की गहराई मापकर खतरनाक जगहों पर लाल झंडे और बैरिकेडिंग लगाई जाएगी. घाटों पर गोताखोर, नाव और लाइफ जैकेट उपलब्ध रहेंगे. भीड़ पर नजर रखने के लिए पुलिस बल, सीसीटीवी और ड्रोन की मदद ली जाएगी.
रिपोर्ट- रंजीत ओझा
