जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर से अपहृत 3 साल के एक बच्चे को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से बरामद कर लिया. अपहरण के महज 6 घंटे के भीतर ही पुलिस ने बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया. इसके साथ ही बच्चे का अपहरण करने वाले आरोपी असलम खान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामला जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र का है. बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी में रहने वाले बच्चे आर्यन महानंद का अपहरण के लिया गया था. इस मामले में बच्चे की मां कुंती महानंद में बर्मामाइंस थाना में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शनिवार को सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया.
डीएसपी ने बताया कि बच्चे को खड़गपुर रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया. कैरेज कॉलोनी में ही रहने वाले असलम खान ने बच्चे का अपहरण किया था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की. असलम खान इसमें बच्चे को अपने साथ ले जाते दिखा. जांच में पता चला कि आरोपी बच्चे को अपने साथ खड़गपुर लेकर गया है. पुलिस की एक टीम खड़गपुर पहुंची और आरोपी को रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया. जांच में पता चला कि आरोपी बच्चे को चॉकलेट और बिस्किट खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था. 4 सितंबर की दोपहर बच्चे का अपहरण आरोपी ने किया था.
सिटी डीएसपी ने बताया कि बच्चे से भीख मंगवाने की योजना आरोपी की थी. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को अपने साथ मुंबई लेकर जा रहा था. वहां वह बच्चे को बेच देता. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी के गिरोह में और कोई शामिल है या नहीं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी असलम खान को बस्ती में अक्सर बच्चों के साथ देखा जाता था. वह बच्चों को चॉकलेट और बिस्किट दिया करता था. गिरफ्तार आरोपी का अपराधिक इतिहास रहा है. बच्चे को सकुशल बरामद करने में बर्मामाइंस थाना प्रभारी सरयू आनंद समेत थाना के अन्य जवानों को अहम भूमिका रही.
Jharkhand
