जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के अलग अलग जिलों में ठगी के मामले आ रहे है जिससे लोग दहशत में है. ऐसे में ताजा मामला जमशेदपुर शहर से आया है जहां के आजादनगर थाना क्षेत्र में बाहर से आकर पढ़ाई और तकनीकी प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों को निशाना बनाकर ठगी और जबरन वसूली किए जाने का मामला सामने आया है. पुरुलिया रोड स्थित अलकबीर कॉलेज के पास टेक्नो इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण लेने वाले बिहार, उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के छात्रों को कुछ अज्ञात युवकों द्वारा कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है.
ठगी का एक नया तरीका
पीड़ित छात्रों के अनुसार, बदमाशों ने ठगी का एक नया तरीका अपना रखा है. वे रास्ते में चलते समय जानबूझकर छात्रों से टकराते हैं और अपना पहले से टूटा हुआ मोबाइल फोन नीचे गिरा देते हैं. इसके बाद मोबाइल टूटने या खराब होने का आरोप छात्रों पर लगाकर उनसे पैसे की मांग करते हैं. दूसरे शहर से आए होने और स्थानीय स्तर पर किसी को नहीं जानने का फायदा उठाकर उन्हें डराया-धमकाया जाता है. बदनामी और विवाद से बचने के लिए कई छात्र मजबूरी में ऑनलाइन या नकद भुगतान कर देते हैं. इस मामले का खुलासा होने के बाद इसकी शिकायत आजाद नगर थाना में की गई है. हालांकि पुलिस के द्वारा उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है.
पुलिस की अपील
बता दें, इस घटना के बाद बाहरी छात्रों में काफी डर का माहौल है. छात्र अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगाकर बाहर निकल रहे हैं, ताकि गिरोह के लोग उन्हें दोबारा पहचान कर पैसे की मांग न कर सकें. ऐसे में पुलिस ने अपील की है की यदि कोई अनजान व्यक्ति टकराकर मोबाइल टूटने का दावा करे और तुरंत पैसे मांगे, तो घबराएं नहीं और न ही नकद या ऑनलाइन भुगतान करें. ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा करें या नजदीकी पुलिस थाने और इमरजेंसी नंबर 112 पर संपर्क करें. फिलहाल अब देखना होगा की इस मामले को लेकर क्या कार्रवाई होती है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा
