जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर के मानगो क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला द्वारा अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ कथित तौर पर जहर खाकर जान देने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना मंगलवार देर रात उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-5 की है. महिला की पहचान पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से मां और तीनों बेटियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चारों का इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
दरअसल, मंगलवार देर रात महिला और उसकी तीनों बेटियों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. कुछ ही देर में चारों की तबीयत बिगड़ने लगी. परिवार की हालत देखकर आसपास के लोग परेशान हो गए और मदद के लिए जुट गए. इसी दौरान स्थानीय समाजसेवी विकास सिंह को घटना की जानकारी मिली. उन्होंने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर चारों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. इसके बाद सभी को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया. समय पर अस्पताल पहुंचने से चारों को चिकित्सा सुविधा मिल सकी. फिलहाल मां और तीनों बेटियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, पिंकी कुमारी के पति बिहार के नालंदा स्थित अपने पैतृक गांव में रहते हैं और वहां खेती-बाड़ी का काम करते हैं. वहीं, पिंकी अपनी तीन बेटियों के साथ जमशेदपुर में रहती है. बताया जा रहा है कि महिला अपने दो भाइयों के साथ यहां रह रही थी. प्रारंभिक जानकारी में परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चलने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि आए दिन होने वाले पारिवारिक झगड़ों से महिला मानसिक रूप से परेशान थी. इसी पारिवारिक तनाव को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, विवाद किस बात को लेकर था और घटना से ठीक पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद उलीडीह ओपी की पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है. ओपी प्रभारी सारी अली ने बताया कि महिला और उसकी तीनों बेटियों की स्थिति फिलहाल ठीक है. शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है. इसके लिए परिवार के सदस्यों से पूछताछ और अन्य जरूरी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि महिला और उसकी बेटियों ने किस जहरीले पदार्थ का सेवन किया था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, एक ही परिवार के चार सदस्यों के इस तरह अस्पताल पहुंचने की घटना से इलाके में चिंता का माहौल है.
