जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जुगसलाई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक मारुति डिजायर कार बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई नकदी नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से अर्जित की गई थी.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
मामला जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे ब्रिज के पास का है. पुलिस को वरीय पुलिस अधीक्षक से गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर विधि-व्यवस्था डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल और मारुति डिजायर कार में सवार चार युवकों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके पास से 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके अलावा कार से 45 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पुलिस ने दोनों वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया है.
तीन आरोपियों का पहले से रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रेहान हुसैन, शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू, मो. इरशाद उर्फ फिरदौस और दिलशाद खान उर्फ राजा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. इनमें एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लाते थे और शहर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे. इस कार्रवाई को जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
रिपोर्ट- लाला जबीन
