Jharkhand

होटल कारोबारी हत्याकांड: मास्टरमाइंड अभिमन्यु सिंह देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है. पुलिस ने इस घटना के मास्टरमाइंड अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से पुलिस ने एक लोडेड देसी पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है. सिंटू सिंह कपाली के तमुलिया का रहने वाला है और गैंगस्टर अखिलेश सिंह गिरोह से है. उसकी गिरफ्तारी का खुलासा मंगलवार को चांडिल डीएसपी शिव कुमार प्रकाश ने किया. उन्होंने बताया कि अशोक सिंह उर्फ राघव के साथ अभिमन्यु सिंह भी निखार की हत्या की प्लानिंग में शामिल था. शूटर अभिमन्यु ने ही उपलब्ध कराए थे. घटना के बाद से वह फरार था. अभिमन्यु सिंह के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज है. 

अब तक 7 गिरफ्तार
पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल अभिमन्यु सिंह समेत 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले अशोक सिंह राघव, रितेश सिंह, अंकित सिंह, सुनील रजक आदि को पुलिस जेल भेज चुकी है. डीएसपी ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. जमीन विवाद में निखार की हत्या की गई थी. बताया जा रहा है कि पुलिस ने अभिमन्यु सिंह को इंदौर से गिरफ्तार किया था. राघव और अभिमन्यु इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड है. पूरी प्लानिंग इन दोनों ने ही की थी. 

24 अगस्त को हुई थी हत्या
24 अगस्त को होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माइल रेस्टोरेंट में गोली मार कर दी गई थी. रेस्टोरेंट से बाहर निकलने के दौरान अपराधियों ने उन्हें 11 गोली मारी थी. टीएमएच में उसे मृत घोषित किया गया था. निखार सबलोक अपराधी गणेश सिंह गिरोह से जुड़ा था. होटल का कारोबार करने के अलावा निखार गणेश सिंह के साथ जमीन का कारोबार भी कर रहा था.