Jharkhand

होटल कारोबारी हत्याकांड: गैंगस्टर विक्रम शर्मा का करीबी हिरासत में, कारोबारी को मारी थी 12 गोलियां

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) की हत्या में पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा (अब मृत) के एक करीबी को हिरासत में लिया है. उसे बारागोड़ा से पकड़ा गया. कोलकाता से वह सड़क मार्ग से जमशेदपुर आ रहा था, इसी दौरान पुलिस में इसे पकड़ लिया. चांडिल थाना में सरायकेला पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस को शक है कि विक्रम शर्मा का करीबी होटल कारोबारी की हत्या का मास्टर माइंड है. जांच में सामने आया है कि सिदगोड़ा के एग्रिको में एक जमीन को लेकर निखार की हत्या कराई गई. विक्रम शर्मा के करीबी के अलावा पुलिस  ने 4 और लोगों को गिरफ्तार किया है. हालांकि सरायकेला पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है. ज्ञात हो कि सोमवार को दोपहर चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माइल स्टोन रेस्टोरेंट में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 

अंतिम संस्कार में जुट कई कारोबारी
पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे निखार का शव कदमा विजया हेरिटेज स्थित उसके घर लाया गया. शहर के कई कारोबारी उसके घर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे. शव घर पहुंचते ही परिवार के लोग चीत्कार मारने लगे. निखार के पिता, मां समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. रोते बिलखते परिजनों को लोग सांत्वना देते नजर आए. दोपहर करीब 3.15 बजे उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई. बिस्टुपुर स्थित पार्वती घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान निखार के परिवार के लोगों ने मीडिया से कुछ भी बात करने से इनकार किया. 

विधायक सरयू ने बन्ना गुप्ता पर साधा निशाना
विधायक सरयू राय, विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई नेता भी निखार के घर पहुंचे. इस दौरान विधायक सरयू राय ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर निशाना साधा. उनपर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया. सरयू राय ने कहा कि निखार पहले मुझसे जुड़ा था. लेकिन पिछले करीब डेढ़ साल से वह मुझसे संपर्क में नहीं था. लोग मुझसे दूर होते हैं और सीधे बन्ना गुप्ता के पास चले जाते हैं. सिदगोड़ा में एक जमीन कब्जा किया गया था उसकी पैरवी बन्ना गुप्ता कर रहे थे. यह घटना शासन प्रशासन और युवाओं के लिए सबक है. सरयू राय ने हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द करने की मांग की है. 

12 गोली लगने का खुलासा
पोस्टमोर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि निखार को कुल 12 गोली लगी थी. दोनों कनपट्टी में दो-दो गोली, गर्दन और पेट में एक गोली लगी मिली. इसके अलावा पीठ में दो और दोनों कंधों पर दो-दो गोली लगी है. अपराधियों ने 2 पिस्तौल उसपर खाली कर दी. अपराधियों ने एकदम करीब से उसे गोली मारी थी.