Jharkhand

जमशेदपुर: निखार सबलोक मर्डर केस में जमीन विवाद का एंगल, क्या होटल खोलने की जमीन बनी हत्या की वजह? जानिए

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) की हत्या जमीन विवाद को लेकर हुई थी. पुलिस की अबतक की जांच में जमीन विवाद से ही जुड़ा मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि निखार सबलोक एनएच किनारे एक होटल खोलना चाह रहे थे. जहां होटल बनाना है उसी जमीन को लेकर निखार का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था. आसानबनी में एनएच किनारे उक्त जमीन बताई जा रही है. इसी विवाद में उनकी हत्या की आशंका पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस हत्याकांड के खुलासे के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. होटल कारोबारी की हत्या सोमवार की शाम चांडिल थाना क्षेत्र के आसानबानी स्थित 10th माइल स्टोल रेस्टोरेंट में गोलीमार कर हत्या कर दी गई थी. 

थाईलैंड से वापस शहर लौटे
निखार सबलोक पहले थाईलैंड में होटल का कारोबार करते थे. थाईलैंड के पटाया शहर में वे The Tamnan Pattaya Hotel and Resort नामक होटल चालते थे. निखार सबलोक का परिवार लंबे समय से होटल के कारोबार से जुड़ा है. निखार पटाया में ही होटल संभालते थे. लेकिन थाईलैंड में लीज की अवधि समाप्त होने के बाद निखार वहां होटल का कारोबार छोड़ जमशेदपुर वापस लौट आए. जमशेदपुर में वे होटल का कारोबार करने लगे. इसके साथ ही जमीन के कारोबार से भी वे जुड़े. बताया जा रहा है कि निखार एनएच किनारे एक बड़ा होटल खोलने का प्लान बना रहे थे. सूत्रों के अनुसार सोनारी में भी एक जमीन को लेकर निखार का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था.


पहले बिल्डर फिर बने होटल कारोबारी
निखार सबलोक के पिता संजीव सबलोक पहले बिल्डर थे. बाद में उन्होंने होटल का विस्तार किया. साकची, बिस्टुपुर, आदित्यपुर में होटल क्रिस्टल का विस्तार किया. जबकि थाईलैंड में भी एक होटल खोला. थाईलैंड में होटल निखार चलाता था. जमशेदपुर वापस लौटने के बाद वह जमीन के कारोबार से भी जुड़ गया. निखार 2 भाइयों में बड़ा था. उसकी शादी अभी नहीं हुई थी. 2 बार शादी ठीक हुई लेकिन दोनों बार शादी टूट गई. उसकी हत्या से परिवार सदमे में है. मंगलवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. 

दोपहर 12 बजे 2 लोग आए थे मिलने

सोमवार को दोपहर करीब 3.30 बजे निखार की हत्या हुई. इससे पहले वे जमशेदपुर के साकची स्थित अपने होटल गए थे. 12.30 बजे वे अपने होटल से निकले थे. उनके होटल के एक कर्मी ने बताया कि निखार सबलोक रोज साकची स्थित अपने होटल आते थे. सोमवार को भी वे होटल आए थे. इस दौरान 2 लोग उनसे मिलने के लिए होटल आए थे. फिर वे उन दो लोगों के साथ ही होटल से निकल गए. कहा जा रहा है कि निखार पिछले 4 दिनों से 10th माइल स्टोन होटल जा रहा था. इसकी जानकारी अपराधियों को पहले से थी.