जमशेदपुर (Jamshedpur): जमशेदपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर पुलिस के सामने करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में बार का खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. बार के संचालन पर हत्याकांड की जांच तक रोक लगा दी गई है. धालभूम के एसडीओ अर्णव मिश्रा ने बार का एनओसी सस्पेंड कर दिया है. एसडीओ ने लापरवाही का हवाला देते हुए बार का अनापत्ति प्रमाण पत्र सस्पेंड किया है. कहा गया है कि अगले आदेश तक डबल डाउन बार बंद रहेगा. प्रशासन ने बार में जांच के दौरान पाया है कि बार संचालन में काफी लापरवाही बरती जा रही थी. जांच में पता चला है कि घटना की रात बार में जून बीट बैश के तहत कमर्शियल डीजे प्रोग्राम आयोजित किया गया था. पता चला है कि यहां लगातार लेट नाइट डीजे का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था. 6 जून को डीजे पूजा, 13 जून को डीजे तमन्ना, 17 जून को टैट्रिक्स, 20 जून को अंगिता और घटना की रात 27 जून को टैट्रिक्स शो का आयोजन किया गया था. इसी कार्यक्रम के दौरान मारपीट हुई और बार के बाहर पुलिस के सामने हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है. एसडीओ ने जांच रिपोर्ट डीसी को सौंपी है. पुलिस और उत्पाद विभाग यह जांच कर रही है कि इन अयोजनों के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी अथवा नहीं. जानकरी हो कि वर्ष 2017 में बिष्टुपुर के ओम टावर में भाजपा नेता नीरज सिंह को बार चलने के लिए एनओसी दिया गया था. हिमांशु की मौत के बाद बार को सील कर दिया गया था.
नीरज सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस मामले में बार संचालक सह भाजपा नेता नीरज सिंह भी केस दर्ज किया गया है. नीरज सिंह घटना के बाद से फरार है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. 2 बात उनके घर पुलिस गई. इस दौरान उनके कार को जब्त कर लिया. वहीं, उनकी पत्नी ने पुलिस पर उनके परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है. भाजपा नेताओं ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया है. जानकारी हो कि इस हत्याकांड को लेकर शहर के सभी बारों में जांच तेज कर दी गई है. बार संचालकों को नियमों का पालन करने का सक्त निर्देश दिया गया है.
