Jharkhand

जमशेदपुर: अब दिल का इलाज होगा और आसान, एनएसयू में राज्यपाल ने कैथ लैब का किया उद्घाटन

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन किया गया. मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इसका उद्घाटन किया. नई सुविधा के शुरू होने से कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर प्रत्यारोपण जैसी महत्वपूर्ण कार्डियक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी. इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और बेहतर बुनियादी ढांचे का विस्तार समय की जरूरत है. हृदय रोग जैसी गंभीर और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है. राज्यपाल ने कैथ लैब की स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए संस्थान के प्रयासों की सराहना की.

मौके पर संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक आधुनिक, उच्चस्तरीय और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. कैथ लैब शुरू होने से इस संकल्प को और मजबूती मिली है. अब हृदय रोगियों को कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के लिए दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे महानगरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी. इधर, अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि कैथ लैब डिजिटल फ्लैट पैनल सिस्टम सहित आधुनिक तकनीक से लैस है. यहां न्यूनतम रेडिएशन के साथ हाई-डेफिनिशन इमेजिंग की सुविधा के साथ हार्ट अटैक के गंभीर मामलों में प्राइमरी एंजियोप्लास्टी की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है. अनुभवी कार्डियोलॉजिस्ट की टीम और 24 घंटे आपातकालीन सेवा के माध्यम से विशेष रूप से हार्ट अटैक के मामलों में ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा.

मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान का प्रयास है कि जटिल हृदय रोगों की जांच और उपचार भी किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जाए. आने वाले समय में अन्य सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा. जानकारी हो कि आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना वर्ष 2024 में हुई थी. वर्ष 2025 में मेडिकल कॉलेज को 100 एमबीबीएस सीटों के साथ अनुमति मिली थी. संस्थान के अनुसार वर्ष 2026 में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है. 800 से अधिक बेड की क्षमता वाले अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के साथ आईसीयू, आईसीसीयू और पीआईसीयू जैसी  जैसी क्रिटिकल केयर सुविधाएं उपलब्ध हैं. अस्पताल आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से भी सूचीबद्ध है. कैथ लैब की शुरुआत को संस्थान के स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे विशेष रूप से आदित्यपुर, जमशेदपुर, सरायकेला- खरसावां सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र के हृदय रोगियों को समय पर आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है.