Jharkhand

किताब खरीदने निकला और फिर घर वापस नहीं आया, जानिए नक्सली सागर की कहानी

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): 2 करोड़ का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश के दस्ते का कुख्यात नक्सली सागर सिंह उर्फ रवि सरदार को सरायकेला से गिरफ्तार किया गया है. उसपर पांच लाख रुपये का इनाम था. वह सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के टेंगाडीह गांव के बेनाडीह टोला का रहने वाला है. उसकी नक्सली बनने की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. मात्र 12 साल की उम्र में वह नक्सली संगठन से जुड़ गया. इसके बाद उसने कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया. अब उसकी गिरफ्तारी से उसके परिवार ने भी राहत की सांस ली है. परिजनों का कहना है कि इस बात का सुकून है कि सागर मुठभेड़ में नहीं मारा गया. उसकी गिरफ्तारी की सूचना परिवार को मिल गई है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सागर समेत अन्य नक्सलियों से पूछताछ कर रही है.

किताब खरीदने गया था चांडिल बाजार
बताया जाता है कि करीब 12 साल पहले वह चांडिल बाजार किताब खरीदने जाने की बात बोलकर निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. वर्ष 2008 के वह गम्हरिया में रहकर पढ़ाई करता था. इस दौरान उसका अपने रूप पार्टनर के साथ विवाद हो गया. वह अपने साथी से अलग होकर पढ़ने की इच्छा जताई लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह ऐसा ना कर सका. इसके बाद वह वापस अपने गांव लौट आया. फिर उसका दाखिला रघुनाथपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कक्षा पांच में कराया गया. उसने पढ़ाई भी शुरु कर दी. लेकिन एक दिन वह घर से किताब खरीदने जाने की बात बोलकर निकला और कभी घर वापस नहीं आया. परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया. फिर पुलिस से परिवार को पता चला कि वह नक्सली संगठन में शामिल हो गया है.

संगठन में रहते ही की शादी
सागर सिंह ने संगठन में रहते ही नक्सली मीणा सिंह से शादी कर ली. उसकी पत्नी पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र के घाटबेडा की रहने वाली है. पुलिस ने सागर की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है. इनके अलावा 15 लाख के इनामी नक्सली मदन महतो को भी गिरफ्तार किया गया है. सागर सिंह उर्फ रवि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में सक्रिय था. उसके कई पेट्रोल पंप मालिकों से लेवी भी मांगी थी. सारंडा से वह भागकर बोड़ाम और दलमा के क्षेत्र में वापस आया था. फिलहाल सुरक्षा एजेंसिया गिरफ्तार नक्सलियों से असीम मंडल उर्फ आकाश के बारे में पूछताछ कर रही है.