Jharkhand

ब्रेन मलेरिया का कहर: पोटका में 64 नए मरीज मिले, आदित्यपुर की बच्ची की मौत

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
ब्रेन मलेरिया का कहर: पोटका में 64 नए मरीज मिले, आदित्यपुर की बच्ची की मौत

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया तेजी से पैर पसार रहा है. जांच में रोज यहां नए मरीज मिल रहे है. यहां 64 नए मरीज मिले है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 गांवों में कराई गई जांच में 64 नए मरीज पाए गए. इस दौरान 1223 ग्रामीणों की स्वास्थ्य की जांच की गई. इसमें 4 मरीज गंभीर रूप से बीमार पाए गए. उन्हें इलाज के लिए पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. पोटका प्रखंड में कुल मरीजों की संख्या 328 हो गई है. इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.  इसको देखते हुए मलेरिया विभाग से जुड़े सभी कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है. उन्हें लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. पोटका के अलावा इससे सटे इलाकों में भी ब्रेन मलेरिया के मरीज मिल रहे है. घाटशिला, डुमरिया, मुसाबनी समेत अन्य प्रखंडों में रोज नए मरीज पाए जा रहे है. स्वास्थ्य विभाग गांव-गांव जाकर लोगों को सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है. मच्छरदानी का प्रयोग करने, पानी जाम ना होने देने आदि की अपील कर रहा है.
ब्रेन मलेरिया से 5वीं मौत
इधर, कोल्हान में ब्रेन मलेरिया से 5वीं मौत हुई है. ब्रेन मलेरिया से पीड़ित गुड़िया दास (12) ने एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. वह आदित्यपुर की रहने वाली थी. मंगलवार को उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. ब्रेन मलेरिया से वह गंभीर रूप से पीड़ित थी.  कोल्हान में ब्रेन मलेरिया से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है. मरने वाले सभी बच्चे हैं. पोटका प्रखंड के 4 बच्चों की पहले ब्रेन मलेरिया से मौत हुई थी. अब आदित्यपुर की बच्ची ने भी दम तोड़ दिया है. कोल्हान के अलग अलग इलाकों में ब्रेन मलेरिया तेजी से अपने पैर पसार रहा है.