Jharkhand

जमशेदपुर:भाजपा से जुड़ाव बना मुसीबत? बूथ अध्यक्ष ने मांगी प्रशासन से सुरक्षा

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (Jamshedpur): पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तालसा गांव में सामाजिक बहिष्कार और राजनीतिक दबाव का एक गंभीर मामला सामने आया है. गांव निवासी और भाजपा के बूथ अध्यक्ष मंगल हेंब्रम ने कुछ ग्रामीणों पर उनके परिवार को समाज से अलग-थलग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर वह गुरुवार को अपने परिवार के साथ डीसी ऑफिस पहुंचे और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की. मंगल हेंब्रम का कहना है कि वह लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उनके अनुसार, इसी राजनीतिक पहचान के कारण उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने उनके परिवार के सामाजिक बहिष्कार का फैसला लिया है और उन्हें गांव की सामान्य गतिविधियों से दूर रखने की कोशिश की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

घर पहुंच दी चेतावनी

पीड़ित के मुताबिक 1 जून को कुछ ग्रामीण उनके घर पहुंचे और परिवार को सामाजिक रूप से अलग करने की चेतावनी दी. आरोप है कि परिवार को गांव के तालाब से पानी लेने, स्नान करने और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने से रोकने की बात कही गई. साथ ही बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं बाधित करने की धमकी भी दी गई. मंगल हेंब्रम ने दावा किया कि उन पर राजनीतिक दबाव भी बनाया जा रहा है. उनका आरोप है कि कुछ लोग उन्हें भाजपा छोड़कर दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि वह यूसीआईएल की तुरामडीह माइंस में मजदूर के रूप में कार्यरत हैं. हाल के दिनों में माइंस गेट जाम आंदोलन और उससे जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद गांव में एक बैठक हुई थी. उनका कहना है कि उसी बैठक में उनके परिवार के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया.

देर रात घर पहुंचे थे लोग

मंगल ने आरोप लगाया कि बैठक के बाद देर रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे और उनकी मां को जगाकर कथित तौर पर बहिष्कार का फैसला सुनाया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. मामले को लेकर मंगल हेंब्रम ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।