जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट द्वारा एमबीए, एम.कॉम ., बीबीए एवं बी.कॉम. (ऑनर्स) के अंतिम सत्र के विद्यार्थियों के लिए भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया. बीबीए, बी.कॉम. (ऑनर्स) और एमबीए के विद्यार्थियों द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया. समारोह की शुरुआत अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के स्वागत के साथ की गई. इस अवसर पर श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) एसएन सिंह ने विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंचने पर अंतिम बधाई दी. उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए ईमानदारी, पेशेवर उत्कृष्टता और निरंतर सीखने की भावना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय से जुड़े रहने तथा समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया. वहीं, स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय महतो ने कहा कि विश्वविद्यालय में उनका सफर सीखने, चुनौतियों और उपलब्धियों से भरपूर रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों को यहां अर्जित ज्ञान, आत्मविश्वास और मूल्यों को अपने भविष्य के जीवन और करियर में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.
संस्कृत कार्यक्रम किया प्रस्तुत
फेयरवेल समारोह के दौरान जूनियर छात्रों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया. इसके अलावा संगीत, नृत्य, खेल और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया. इन प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया और सभी को अपने कैंपस जीवन की खूबसूरत यादों को फिर से जागृत कर दिया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फेयरवेल टाइटल्स की घोषणा रही. स्नातक श्रेणी में अर्जुन साहू को मिस्टर फेयरवेल तथा हर्षिता को मिस फेयरवेल चुना गया. वहीं स्नातकोत्तर श्रेणी में अक्षत को मिस्टर फेयरवेल और सिमरन को मिस फेयरवेल का खिताब प्रदान किया गया. भावनाओं और उत्साह से भरे इस फेयरवेल समारोह का समापन अत्यंत भावुक माहौल में हुआ. स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट, श्रीनाथ विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों के सफल, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
