जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में मंगलवार की देर रात बड़ा हादसा टल गया. मरीन ड्राइव पर एलपीजी से भरे टैंकर में गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई. सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी के पास मरीन ड्राइव पर यह हादसा हुआ. टैंकर चालक की सूझ-बूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया. गैस रिसाव पर चालक की नजर पड़ी तो उसने टैंकर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया. इसके बाद मामले की जानकारी कंपनी प्रबंधन और सोनारी पुलिस को दी. थोड़ी देर में कंपनी अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को रोका गया. जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. स्थिति सामान्य होने पर टैंकर को अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया. बताया जा रहा है कि एक ट्रक से टक्कर के बाद एलपीजी से भरे टैंकर से गैस रिसाव होने लगा. टक्कर के कारण टैंकर का नोब टूट गया और गैस रिसाव होने लगा. चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया. आसपास कई बस्तियां भी थी. चालक टैंकर लेकर गम्हरिया जा रहा था.
इधर, गैस रिसाव को लेकर सोनारी पुलिस ने मरीन ड्राइव पर आवागमन रोक दिया. दोनों ओर से वाहनों के आने जाने पर रोक लगा दी गई. सुरक्षा को लेकर पुलिस ने यह कदम उठाया. स्थिति सामान्य होने के बाद आवागमन शुरू किया गया. चालक का कहना है कि वह टैंकर लेकर गम्हरिया जा रहा. इसी दौरान एक ट्रक ने साइड से टैंकर में टक्कर मार दी, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया. सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने कहा कि गैस का रिसाव काफी तेज हो रहा था. बड़ा हादसा हो सकता था. सुरक्षा को लेकर यातायात रोक दी गई थी.
