Jharkhand

25 लाख का इनामी कान्हु मुंडा पुरुलिया जेल शिफ्ट, रिहाई की बढ़ी उम्मीद

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): 25 लाख का इनामी पूर्व नक्सली कान्हु मुंडा को पश्चिम बंगाल के जेल में शिफ्ट कर दिया गया है. वह हजारीबाग के ओपन जेल में था. करीब 2 सप्ताह पहले उसे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में शिफ्ट किया गया है. पुरुलिया जिले में कान्हु मुंडा पर 2 मामले दर्ज हैं. इन्हीं दो मामलों की सुनवाई लंबित है, जिसके कारण उसे पुरुलिया जेल शिफ्ट किया गया. संभावना जताई जा रही है कि वह जल्दी ही जेल से बाहर आ सकता है. पुरुलिया जिले में दर्ज दोनों मामलों के निष्पादन के साथ उसकी रिहाई का रास्ता साफ हो जाएगा. कान्हु मुंडा गुड़ाबांधा प्रखंड के जियान गांव का रहने वाला है. वह एरिया कमांडर रह चुका है. उसने कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया था. गुड़ाबांधा थाना पर हमला, इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिस कर्मियों को बम से उड़ाने, ट्रेन पर फायरिंग करने समेत कई नक्सली घटनाओं में वह शामिल था. सरकार ने उसपर 25 लाख रुपए का इनाम रखा था. 

झारखंड में दर्ज सभी केस खत्म
कान्हु मुंडा पर झारखंड राज्य में कुल 47 मामले दर्ज थे. यहां दर्ज सभी मामले अब खत्म हो चुके है. पुरुलिया में दर्ज 2 केस के कारण उसे वहां शिफ्ट किया. कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे हजारीबाग जेल से पुरुलिया जेल ले जाया गया. कान्हु मुंडा झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके में आतंक का पर्याय रहा था. लेकिन वर्ष 2017 में उसने सरेंडर कर दिया था. सरेंडर करने के बाद उसे जमशेदपुर स्थित घाघीडीह भेजा गया था. यहां से उसे हजारीबाग शिफ्ट किया गया था. उसकी रिहाई अब पुरुलिया कोर्ट के आदेश पर टिकी है.