☰
Jharkhand

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महानवमी पर शीतला मंदिर में किया कन्या पूजन, परिवार के सदस्य रहे मौजूद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): महानवमी के पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भालूबासा स्थित शीतला मंदिर में 151 कन्याओं को भोजन कराया. इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया. रघुवर दास ने अपनी पत्नी रुक्मिणी देवी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और पुत्र ललित दास के साथ मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कन्याओं की पूजा-अर्चना की.

विधि-विधान से हुआ कन्या पूजन

नवरात्र के नौवें दिन आयोजित इस कार्यक्रम में कन्याओं को मां दुर्गा के स्वरूप के रूप में पूजने की परंपरा निभाई गई. पूजन के दौरान सभी कन्याओं का विधि-विधान से स्वागत किया गया. पूजा संपन्न होने के बाद उन्हें प्रसाद और भोजन कराया गया. इस आयोजन के जरिए महानवमी की धार्मिक परंपरा और आस्था का संदेश दिया गया.

कन्या पूजन से जुड़ी है विशेष मान्यता: पूर्णिमा दास साहू

इस मौके पर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि महानवमी के दिन कन्या पूजन की विशेष परंपरा है. इसमें छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है. उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की आराधना का विशेष महत्व होता है और कन्या पूजन इसी आस्था का प्रतीक है.

रघुवर दास ने दी नवरात्र की शुभकामनाएं

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड सहित जमशेदपुर के सभी लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू होती है और पूरे नवरात्र श्रद्धालु भक्ति भाव से पूजा-अर्चना करते हैं. मां दुर्गा की उपासना शक्ति के स्वरूप में की जाती है. उन्होंने लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा