Jharkhand

जुगसलाई गोलीकांड: पुलिस ने हथियार के साथ पाँच बदमाशों को किया गिरफ्तार

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जुगसलाई थाना क्षेत्र में दुकानदार पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और उनका आपराधिक इतिहास भी रहा है. गिरफ्तार आरोपियों में मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आरिफ अंसारी और अमनदीप सिंह शामिल हैं. सभी आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं. बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि घटना में कुल पांच अपराधी शामिल थे और सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच में सामने आया है कि दुकानदार पर गोली मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने चलाई थी. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली भी बरामद कर ली है.
पुलिस के अनुसार यह वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम थी. आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकानदार को निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी. हालांकि घटना में दुकानदार बाल-बाल बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. 

31 मई की रात हुई थी फायरिंग
जानकारी हो कि 31 मई की रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर रोड स्थित इम्तियाज जनरल स्टोर के बाहर अपराधियों ने फायरिंग की थी. इसके अलावा आरोपियों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और मारपीट भी की थी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. दुकान संचालक इम्तियाज ने इस संबंध में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उधारी के पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अपराधियों ने उन पर हमला कर फायरिंग की. दुकानदार ने इस मामले में जुगसलाई थाना में केस दर्ज कराया था.  पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

TagsCRIME