जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के जुगसलाई बाजार क्षेत्र में होटल गणगौर परिसर स्थित वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही मिनटों में पूरा ढांचा जलकर राख हो गया, जिससे इलाके में भारी दहशत फैल गई.
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए. लोग डर के कारण सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. हालांकि राहत की बात यह रही कि आग पास की रिहायशी इमारतों तक नहीं पहुंची, वरना स्थिति और भी भयावह हो सकती थी.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्कशॉप में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की जा रही थी. मजदूरों से बिना उचित सेफ्टी इंतजाम के काम कराया जाता था, जिसके चलते यह हादसा हुआ. लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी यहां आग लग चुकी है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक पूरी तरह से आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका था.
स्थानीय लोगों में होटल गणगौर के मालिक के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्र में इस तरह का वर्कशॉप चलाना नियमों के खिलाफ है और यह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय वर्कशॉप में रखे गए करीब एक दर्जन गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया. यदि ऐसा नहीं किया जाता तो धमाके के साथ बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे पूरे इलाके में भारी तबाही मच सकती थी. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट-रंजीत ओझा
