Jharkhand

जमशेदपुर के एलबीएसएम कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची छात्रा को लगा करंट, हालत गंभीर

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आकर घायल हो गई. घायल छात्रा की पहचान सुंदरनगर के नानदूप निवासी रायगुनी बोयपाई के रूप में हुई है. वह मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने कॉलेज पहुंची थी. घटना के बाद उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.रायगुनी ने बताया कि बारिश के दौरान कॉलेज परिसर में पानी जमा था. जिस गेट से परीक्षा के लिए प्रवेश करना था, वह बंद था. इसके बाद वह दूसरे रास्ते से आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान पानी से गुजरते समय अचानक करंट लग गया और वह गिर पड़ी.

घटना के बाद छात्रों में कॉलेज प्रशासन के प्रति आक्रोश

छात्रा ने बताया कि उसे पहले भी कॉलेज में करंट लगने की घटना की जानकारी थी, लेकिन जिस स्थान पर वह हादसे का शिकार हुई, वहां भी करंट का खतरा होगा, इसका उसे अंदाजा नहीं था. घटना के बाद छात्रों में कॉलेज प्रशासन के प्रति आक्रोश है.छात्र नेताओं का आरोप है कि इससे पहले भी एक छात्रा करंट की चपेट में आ चुकी है. पानी के जमाव और विद्युत व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ.

छात्रों ने दिया कॉलेज को अल्टीमेटम

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज परिसर की व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं की गई, तो सोमवार से कॉलेज बंद कराया जाएगा. उन्होंने पूरे परिसर की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने और जलजमाव की समस्या को जल्द दूर करने की मांग की है.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा