जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जिले के कोवाली थाना क्षेत्र से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने गांव की ही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी. मृतका की पहचान बुस्की मुर्मू के रूप में हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक राम सरदार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सोमवार सुबह बुस्की मुर्मू रोज की तरह गांव के पास स्थित महुआ पेड़ के नीचे महुआ इकट्ठा करने गई थीं. तभी अचानक गांव का ही युवक राम सरदार वहां पहुंचा. बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ था. उसने बिना किसी कारण के बुजुर्ग महिला पर भारी पत्थर से हमला कर दिया.
हमले में महिला को संभलने का भी मौका नहीं मिला और आरोपी ने उनके सिर पर कई बार पत्थर से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को घेर लिया और पकड़कर रस्सी से बांध दिया. इसके बाद तुरंत कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव और सब-इंस्पेक्टर सहदेव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस जांच में आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल कर रही है.
