Jharkhand

डबल डाउन बार कांड: देर रात तक पुलिस के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, सिटी एसपी की गाड़ी में तोड़फोड़

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के डबल डाउन बार के बाहर पुलिस के समक्ष चाकू गोदकर हिमांशु सिंह की हत्या मामले में देर रात तक बवाल हुआ. पुलिस के खिलाफ लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया. लोगों में पुलिस के खिलाफ इतना गुस्सा था कि सिटी एसपी ललित कुमार मीणा की गाड़ी में लोगों ने तोड़फोड़ की. इसके अलावा पुलिस की एक पेट्रोलिंग वाहन ने भी लोगों ने तोड़फोड़ की. इस वाहन पर लोगों ने पत्थर भी फेंके. हालांकि इसमें कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ. लोगों ने आयकर आयुक्त की कार में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया. चालक के साथ मारपीट की. इतना ही नहीं लोगों ने बीच सड़क पर आगजनी भी की. करनी सेना के सरायकेला युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की मौत की सूचना पर बिस्टुपुर स्थित रीगल गोलचक्कर पर लोग जुटे और सड़क को जाम कर दिया. धीरे -धीरे भीड़ बढ़ती गई. प्रदर्शन उग्र होता गया और लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी. पुलिस के वाहन के अलावा अन्य वाहनों में भी तोड़-फोड़ की गई. एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी ललित मीणा, डीएसपी मनोज ठाकुर समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. देर रात करीब 3 बजे पुलिस के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया. 

महिला ने थाना में घुस काटा बवाल
प्रदर्शन के दौरान हिमांशु की एक महिला परिजन बिष्टुपुर थाना पहुंच गई. यहां महिला ने जमकर बवाल काटा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान कुछ पुलिस कर्मियों को महिला ने धक्का भी दिया. थानेदार समेत अन्य पुलिस कर्मियों को महिला ने खरी खोटी सुनाई. इतना कि नहीं लोगों ने थाना का मुख्य गेट भी बंद कर दिया और बोर्ड गिरा दिया. ट्रैफिक थाना का गेट भी लोगों ने बंद के दिया. लोगों का कहना था कि जब पुलिस के सामने ही युवक की हत्या हो रही है तो थाना चलाने का क्या काम. इधर, हंगामे को देखते हुए मौके पर भारी मात्रा में फोर्स तैनात कर दिया गया. कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची.

यूपी में होता है एनकाउंटर यहां भी करें: पत्नी
हिमांशु की मौत से उसकी पत्नी ऋचा सिंह का रो - रो कर बुरा हाल है. प्रदर्शन के दौरान पत्नी भी मौके पर मौजूद रही. देर रात सिटी एसपी से उसने पत्नी की हत्या करने वाले युवक का एनकाउंटर करने की मांग की. सिटी एसपी ललित मीणा ने बीच सड़क पर बैठ पत्नी से बात की. इस दौरान पत्नी ने कहा कि जिसने मेरे पति की हत्या की पुलिस उसका एनकाउंटर करे. सिटी एसपी तर्क देते रहे. इसपर पत्नी ने कहा कि यूपी में पुलिस अपराधियों का एनकाउंटर करती है. पुलिस यहां भी मेरे पति के हत्यारे का एनकाउंटर करे. सिटी एसपी के काफी समझाने के बाद भी पत्नी लगातार एनकाउंटर करने की बात करती रही. ऋचा और हिमांशु की करीब एक साल पहले शादी हुई थी. 

पेट्रोलिंग वाहन में खदेड़ कर की तोड़फोड़
लोग इतना उग्र थे कि पुलिस की गाड़ी देखते ही उसमें तोड़फोड़ करने लगे. एक पेट्रोलिंग वाहन को खदेड़ कर लोगों ने घेर लिया और गाड़ी पर पत्थरबाजी की. इस दौरान गाड़ी का चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा. लेकिन लोगों ने वाहन को घेर लिया और उसमें पत्थर चलाए. गनीमत रही कि इसमें किसी पुलिस कर्मी को चोट नहीं आई. वहीं, सिटी एसपी जब मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उनका वाहन भी घेर लिया और तोड़फोड़ की. सुरक्षाकर्मियों ने सीरी एसपी को कार से बाहर निकाला.

तीन पुलिस कर्मी निलंबित
पुलिस के समक्ष हिमांशु की हत्या हुई. इस मामले में एसएसपी ने बिष्टुपुर थाना के तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया. एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी संख्या 913 मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. पुलिस की जांच में सामने आया है इन तीनों पुलिस कर्मियों के मौजूदगी के बीच चाकू चले. जानकारी हो कि इस घटना को लेकर पुलिस के खिलाफ लोग सवाल उठा रहे थे. दोषी पुलिस कर्मियों को निलंबित करने की मांग लोग कर रहे थे. तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करने के बाद भी लोग शांत नहीं हुए. लोग बिस्टुपुर थानेदार पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. 

पुलिस के समझ चाकू से हुआ था हमला
जानकारी हो कि शनिवार की रात डबल डाउन बार में दो गुटों में मारपीट हुई थी. बार के बाहर पुलिस के समक्ष ही चाकूबाजी हुई थी. हिमांशु के अलावा प्रत्यूष नामक युवक पर पुलिस के सामने ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था. इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे. हिमांशु का इलाज टीएमएच में जबकि प्रत्यूष का इलाज कोलकाता में चल रहा था. सोमवार शाम हिमांशु ने दम तोड़ दिया. वही, प्रत्यूष की हालत भी गंभीर बताई जा रही है.  इस मामले में पुलिस अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इस मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ बिस्टुपुर थाना में केस दर्ज किया गया है.