Jharkhand

डबल डाउन बार कांड: जमशेदपुर में पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, रीगल गोलचक्कर किया जाम

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
डबल डाउन बार कांड: जमशेदपुर में पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, रीगल गोलचक्कर किया जाम

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर पुलिस के समक्ष चाकूबाजी में घायल युवक हिमांशु सिंह की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोग पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतर आए. करनी सेना के लोगों ने हिमांशु के परिजनों के साथ बिष्टुपुर स्थित रीगल गोलचक्कर को जाम कर दिया. सोमवार देर शाम हिमांशु की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. वह करनी सेना का सरायकेला युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष था. उसकी मौत की सूचना पर करनी सेना के सदस्य टीएमएच पहुंचे. यहां से सभी सीधे रीगल गोलचक्कर पहुंचे और सड़क को जाम कर कर दिया. हिमांशु की पत्नी, पिता और मां समेत अन्य परिजन भी मौके पर मौजूद रहे. प्रदर्शनकारियों में बिस्टुपुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लोगों ने बिष्टुपुर थानेदार को सस्पेंड करने की मांग भी की. इसके अलावा हिमांशु के हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की. सैकडों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया. खबर लिखे जाने तक लोगों का प्रदर्शन जारी था. रीगल गोलचक्कर बिस्टुपुर थाना के ठीक पास में है. खबर लिखे जाने तक लोगों का प्रदर्शन जारी था. 

सड़क पर लगा लंबा जाम
प्रदर्शन के कारण बिष्टुपुर मेन रोड और खरकई लिंक रोड पूरी तरह से जाम हो गया. सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे. इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. वाहन चालकों को प्रदर्शनकारी रोक भी रहे थे. प्रदर्शनकारी हिमांशु के हत्यारे को मौत की सजा देने की मांग कर रहे थे. लोगों का कहना था कि पुलिस की लापरवाही से यह घटना हुई है. लोग इतने गुस्से में थे कि मौके पर पहुंची पुलिस की भगा दिया. इधर, हिमांशु की मौत से उसके परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उसकी पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक के शव को टीएमएच के शीतगृह में रखा गया है. संभवतः मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

अब तक 2 गिरफ्तार
जानकारी हो कि शनिवार की रात डबल डाउन बार में दो गुटों में मारपीट हुई थी. बार के बाहर पुलिस के समक्ष की चाकूबाजी हुई थी. हिमांशु के अलावा प्रत्यूष नामक युवक पर पुलिस के सामने ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था. इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे. हिमांशु का इलाज टीएमएच में जबकि प्रत्यूष का इलाज कोलकाता में चल रहा था. सोमवार शाम हिमांशु ने दम तोड़ दिया. वही, प्रत्यूष की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. इस मामले में पुलिस अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इस मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ बिस्टुपुर थाना में केस दर्ज किया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.