Jharkhand

जमशेदपुर: मौत का कुआं बनी बहरागोड़ा की खण्डामौदा-चंदरपुर सड़क की जर्जर पुलिया! अब तक आधा दर्जन लोगों की मौत  

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत खण्डामौदा से चंदरपुर चौक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थित एक जर्जर पुलिया इन दिनों राहगीरों के लिए 'मौत का कुआं' साबित हो रही है. दोनों ओर लगभग 30 से 40 फीट गहरी खाई और रेलिंग विहीन असुरक्षित ढांचे के कारण अब तक करीब आधा दर्जन लोग तथा कई मवेशी अपनी जान गंवा चुके है.

लोगों को होती है काफी परेशानी

रोजाना भारी आवागमन वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली को लेकर भाजपा नेता ऋषि सारंगी द्वारा आंदोलन करने के साथ-साथ स्थानीय विधायक समीर मोहंती और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की गुहार भी लगाई जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण ग्रामीणों को अब तक सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले है.

बार-बार हो रहे हादसों से आक्रोशित है लोग

बार-बार हो रहे हादसों से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल प्रभाव से पुलिया पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और जल्द से जल्द नई पुलिया का निर्माण कराया जाए. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों की मांग है कि इस जानलेवा पुलिया को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए और लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके.

रिपोर्ट-अरुण बारिक