Jharkhand

जमशेदपुर: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट से झारखंड को मिलेगी नई पहचान, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
जमशेदपुर: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट से झारखंड को मिलेगी नई पहचान, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ में नए एयरपोर्ट निर्माण में आ रही बढ़ाओं के दूर होने की संभावना के बीच क्षेत्र के विकास और रोजगार की उम्मीद जग गई है. प्रथम चरण में करीब 100 हेक्टेयर भूमि पर हवाई अड्डा विकसित किया जाएगा. यह परियोजना 6 साल से अटकी थी. लेकिन अब यह एयरपोर्ट शुरू होने की संभावना फिर से जग गई है. भारतीय विमानपतन प्राधिकरण (एएआई) ने यहां उड़ान योजना के तहत रिपोर्ट मांगी है. छोटे विमानों के धालभूमगढ़ एयरपोर्ट से परिचालन की संभावन जताई जा रही है. यहां एयरपोर्ट शुरू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा. क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां एयरपोर्ट शुरू हुआ तो स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना होगा. 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है. वन विभाग ने प्रथम चरण के लिए चिन्हित 100 हेक्टेयर जमीन से संबंधित रिपोर्ट वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को भेज दी है. मंत्रालय से हरि झंडी मिलने के बाद रिपोर्ट एएआई को भेजी जाएगी. इसके बाद एयरपोर्ट का निर्माण शुरू होगा. 

एएआई ने हाल ही में किया था निरीक्षण
एएआई की टीम ने 11 अप्रैल को धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था. एएआई की 5 सदस्यीय टीम यहां पहुंची थी. टीम ने पूर्ण विकसित एयरपोर्ट के रूप में संचालित करने की संभावनाओं और तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया था. जानकारी हो कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को केंद्रीय बजट 2026 के उड़ान योजना में शामिल किया गया है. इस योजना में शामिल होने के बाद से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण शुरू होने की उम्मीद लगी थी. एएआई की टीम इस बंद पड़े प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने के प्रयास में जुटी है.

लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के शुरू होने से लाखों लोगों को लाभ मिलेगा. जमशेदपुर के लोगों को फ्लाइट पकड़ने के लिए रांची नहीं जाना होगा. इसके अलावा चाइबासा, सरायकेला के लोगों के साथ- साथ झारखंड से सटे ओड़िशा के बरीपादा और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और झाड़ग्राम जिले के लाखों लोग धालभूमगढ़ से विभिन्न जगहों के लिए फ्लाइट पकड़ सकेंगे. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट जमशेदपुर से 55 किमी दूर है. अब तक यहां के लोग फ्लाइट के लिए रांची एयरपोर्ट पर निर्भर है. कई लोग कोलकाता से भी फ्लाइट पकड़ते है. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट शुरू हुआ तो शहर के लोगों को लाभ मिलेगा ही इसके साथ- साथ क्षेत्र के विकास और रोजगार को एक नया आयाम मिलेगा. 

2019 में हुआ था भूमि पूजन
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण के लिए वर्ष 2019 में भूमिपूजन किया गया था. तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास, तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह और संसद विद्युत वरण महतो ने इसका भूमिपूजन किया था. एयरपोर्ट निर्माण के लिए 300 करोड़ का बजट था. इसमें 100 करोड़ की स्वीकृत शुरू में ही दो गई थी. वन भूमि की क्लियरेंस के पेंच के कारण एयरपोर्ट निर्माण का काम 6 साल से अटका हुआ है.