जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर अब जमशेदपुर और कोल्हान के आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है. गुरुवार देर रात से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है. लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में ठंड बढ़ गई है. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को एक बार फिर सर्दी का एहसास होने लगा है.
अगले सप्ताह बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक के लिए दो सप्ताह का विस्तारित मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक आने वाले सप्ताह में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है. चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को बारिश और ठंड दोनों का सामना करना पड़ सकता है.
बारिश ने बढ़ाई ठंड, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
देर रात से हो रही बारिश का असर शहर के तापमान और आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है. सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर बारिश के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए. मौसम विभाग की ओर से जारी होने वाले ताजा अपडेट पर भी नजर रखना जरूरी है.
फिलहाल, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से जमशेदपुर समेत कोल्हान के मौसम में बदलाव के संकेत हैं. आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति कैसी रहती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है.
रिपोर्ट- रंजीत ओझा