जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के एक अपराधी की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी. गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका है. मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र का है. छायानगर में जेल से हाल ही में छूटे अपराधी चंदन गिरी का शव चबूतरे पर मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर सीतारामडेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. चंदन गिरी सीतारामडेरा के होमपाइप का रहने वाला था. छायानगर की एक युवती से उसने हाल ही में प्रेम विवाह किया था. मंगलवार की सुबह जब उसका शव मिला तो सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुटी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों की जानकारी होने की बात कह रही है.
आशंका जताई जा रही है कि चंदन की हत्या किसी दूसरे जगह पर की गई और शव को छायानगर में लाकर फेंक किया गया. घटना स्थल पर पहुंचे सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के कहा कि अपराधी की हत्या की गई है. हत्या करने वालों और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है. चंदन गिरी का अपराधिक इतिहास रहा है. वह कई बार जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था. आशंका है कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई.
वहीं, पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि चंदन छायानगर कैसे पहुंचा. संभावना है पुरानी रंजिश में उसकी हत्या की गई. वैसे पूरा मामला पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा. हत्या की सूचना पर चंदन के परिजन भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
