सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला पुलिस ने नशे का कारोबार के खिलाफ प्रहार करते हुए अफीम तस्करी का भंडाफोड़ किया है. यह कार्रवाई जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में हुई. एक तस्कर को ईचागढ़ पुलिस ने 3 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि गिरफ्तार आरोपी का एक साथी मौके से भागने में सफल रहा. आरोपी ईचागढ़ के बुकहातु गांव धारीराम साव को पुलिस ने जेल भेज दिया है. आरोपी के पास से अफीम के अलावा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक बाइक और मोबाइल भी बरामद किया है. सोमवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया.
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी को ईचागढ़ के डुमताड़ - पातकुम मार्ग पर अफीम की खरीद बिक्री होने वाली है. सूचना पर उक्त सड़क पर जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आते दिखे. पुलिस को देख दोनों भागने लगे. पुलिस ने खदेड़ कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला. जांच में गिरफ्तार आरोपी के पास 3 किलो अफीम मिला. दोनों आरोपियों के खिलाफ ईचागढ़ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
गिरफ्तार आरोपी ने अफीम कहां से लाया था, इसकी जानकारी दी है. पुलिस अब पूरे गिरोह को पकड़ने में जुटी है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी काफी दिनों से अफीम का कारोबार कर रहा था. उसने किस किस को अफीम सप्लाई की पुलिस इसकी भी जांच कर रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हडकंप मचा है.
