Jharkhand

MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ जमशेदपुर में कांग्रेस का धरना, जानिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने क्या कहा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के अधिकारों, खनिज संपदा और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जमशेदपुर में धरना-प्रदर्शन किया. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की. प्रदर्शन में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला प्रभारी शशिभूषण राय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.

MMDR संशोधन विधेयक - 2026 का विरोध

धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने MMDR (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. नेताओं का कहना था कि प्रस्तावित संशोधन से खनिज संपदा वाले राज्यों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. कांग्रेस ने इसे संघीय व्यवस्था और राज्यों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही. प्रदर्शन के दौरान चोरी की बढ़ती घटनाओं का मुद्दा भी उठाया गया. नेताओं ने ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की.

खनिज संसाधनों पर झारखंड के हितों की हो रक्षा : बन्ना गुप्ता 

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से संपन्न प्रदेश है. ऐसे में राज्य की खनिज संपदा से जुड़े निर्णयों में झारखंड और यहां की जनता के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियों के कारण राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप बढ़ रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि इससे आने वाले समय में झारखंड के आर्थिक हितों पर भी असर पड़ सकता है.

जल-जंगल -जमीन के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने का ऐलान

जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने कहा कि कांग्रेस झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाती रहेगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर जनहित से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाने की अपील की.

केंद्र सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और झारखंड के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की. पार्टी नेताओं ने कहा कि राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस राजनीतिक और जन आंदोलन के माध्यम से अपना विरोध जारी रखेगी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

रिपोर्ट - रंजीत कुमार ओझा