Jharkhand

जमशेदपुर के साकची में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बवाल, चापड़ से हमला, तीन युवक घायल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह लाइन नंबर-13 के पास रविवार रात प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए. इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है. घटना में तीन युवक घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक, रविवार रात काशीडीह क्षेत्र से प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था. इसी दौरान शुभम नामक युवक ने आगे जाने के लिए रास्ता मांगा. बताया जा रहा है कि इसी बात पर उसकी जुलूस में शामिल कुछ युवकों से बहस हो गई. विवाद बढ़ने के बाद शुभम के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है.

सूचना मिलने के बाद आमने-सामने आए दोनों पक्ष

घटना के बाद शुभम ने अपने मोहल्ले के युवकों को इसकी जानकारी दी. कुछ समय बाद दोनों पक्षों के लोग एक जगह जुट गए. इसके बाद दोबारा विवाद शुरू हुआ और बात मारपीट तक पहुंच गई. आरोप है कि इसी दौरान चापड़ से हमला किया गया. हमले में जय कुमार यादव, सोनू यादव और कुंभ यादव घायल हो गए. अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की भीड़ भी घटनास्थल पर जमा हो गई. घायल जय कुमार यादव को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. उसके चेहरे पर गंभीर चोट बताई जा रही है. वहीं, सोनू यादव और कुंभ यादव को बेहतर उपचार के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है.

इलाके में QRT तैनात, पुलिस कर रही छापेमारी

घटना की सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. तनाव दोबारा न बढ़े, इसे देखते हुए इलाके में क्यूआरटी की तैनाती की गई है. पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त भी कर रही है. पुलिस मारपीट और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और विवाद की वजह की जांच की जा रही है.