Jharkhand

चाईबासा: मुठभेड़ में मारे गए 10 लाख के इनामी नक्सली प्रकरण की सीआईडी जांच शुरू

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
चाईबासा: मुठभेड़ में मारे गए 10 लाख के इनामी नक्सली प्रकरण की सीआईडी जांच शुरू

जमशेदपुर: चाइबासा (पश्चिम सिंहभूम) के गोइलकेरा में पुलिस की मुठभेड़ में मारे गए नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन मामले की जांच अब सीआईडी कर रही है. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर इस मामले की सीआईडी जांच शुरू हुई है. जमशेदपुर सीआईडी की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. 6 दिसंबर 2025 को गोइलकेरा के पचलाताबुरू जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड हुई थी. इसमें 10 लाख का इनामी नक्सली अमित हांसदा मारा गया था. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने एक एसएलआर राइफल, बड़ी मात्रा में कारतूस तथा अन्य नक्सली सामग्री बरामद करने का दावा किया था. हालांकि मुठभेड़ को लेकर उठे विभिन्न सवालों और प्रक्रियागत जांच की आवश्यकता को देखते हुए अब पूरे मामले की समीक्षा सीआईडी कर रही है.

कई घटनाओं में शामिल था अमित
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक नक्सली अमित हांसदा संगठन के जोनल कमेटी से जुड़ा था. वह झारखंड के विभिन्न जिलों में 96 से अधिक नक्सली घटनाओं में शामिल था. सरायकेला के कुचाई में 5 पुलिस कर्मियों की हत्या में भी अमित हांसदा का नाम सामने आया था. इसके अलावा चाइबासा के गोइलकेरा में पूर्व विधायक पर हमला, दो जवानों की हत्या आदि मामलों में भी उसका नाम सामने आया है. 2014 में चाइबासा जेल ब्रेक कांड में भी उसका नाम सामने आया था. नक्सली अमित हांसदा बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र का रहने वाला था.