☰
Jharkhand

जमशेदपुर में पेट्रोल पंप के पास हंगामा, मारपीट और पथराव से मची अफरा-तफरी

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): कदमा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास पंडाल घूमने आए कुछ लोगों के बीच विवाद होने के बाद जमकर हंगामा हुआ. देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया, आरोप है कि इस दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को भी निशाना बनाया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

कैसे हुई घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद में कदमा बस्ती के कुछ युवक शामिल थे, बताया जा रहा है कि युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे, किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही हिंसक हो गया. आरोप है कि उपद्रव के दौरान पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी के सिर पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया. इसके अलावा पेट्रोल पंप परिसर में लगे cctv कैमरों को भी तोड़ दिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामे के दौरान पत्थरबाजी की गई और डंडे-लाठी से मारपीट हुई. अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप के आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई. कुछ देर तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

सुरक्षा पर सवाल

सार्वजनिक स्थान पर हुई इस तरह की हिंसा से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है.

फिलहाल घटना की आधिकारिक पुष्टि, घायलों की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है.

रिपोर्ट - रंजीत कुमार ओझा